वाराणसी के काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय ‘वाणी पुस्तक मेला’ का भारतीय पुस्तक परम्परा व साहित्य के विद्वानों के बीच शुभारंभ हुआ।

वाराणसी के काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय वाणी पुस्तक मेला का भारतीय पुस्तक परम्परा व साहित्य के विद्वानों के बीच शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहे –  मुख्य अतिथि के रूप में  प्रो. केशव मिश्रा, अध्यक्ष, इतिहास विभाग,  डॉ. अभय कुमार ठाकुर वित्ताधिकारी, डॉ. अनुराधा सिंह एसो. प्रोफ़ेसर, इतिहास विभाग, प्रो. प्रभाकर सिंह, हिंदी विभाग व वाणी प्रकाशन ग्रुप की कार्यकारी निदेशक अदिति माहेश्वरी-गोयल।

वाणी प्रकाशन ग्रुप एवं सामाजिक विज्ञान संकायकाशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा 5 दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन 15 नवम्बर से 20 नवम्बर 2021 तक किया जा रहा है।

“सामाजिक विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संबोधि सभागार में वाणी प्रकाशन नई दिल्ली की ओर से आयोजित इस पुस्तक मेले में साहित्य, समाज, राजनीति, संस्कृति एवं ज्ञान की विविध विधाओं की सृजनात्मक और चिंतन परक पुस्तकें उपलब्ध होंगी। वाणी प्रकाशन पिछले दिनों रामकथा की संस्कृति, आधुनिकता, समाज चिंतन, भाषा, किसान विमर्श, पर्यावरण विमर्श एवं अन्य साहित्यिक सामाजिक विमर्श पर प्रकाशित अपनी उत्कृष्टतम पुस्तकों के साथ यहां उपस्थित है।”

– प्रो. प्रभाकर, हिन्दी विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी

“किताबें वो भी हैं जो यहाँ उपलब्ध हैं, किताब वो भी हैं जिन पर ऑनलाइन परिचर्चाएँ हो रही हैं, किताबें वो भी हैं जो अभी दिल और दिमाग़ में हैं और कल कागज़ पर उतरने में सक्षम हैं। इस महत्त्वपूर्ण पुस्तक मेले के साथ ही हम गम्भीर साहित्यिक विमर्शों पर कई कार्यक्रम भी आयोजित कर रहे हैं, जिसके अंतर्गत 16 नवम्बर को प्रख्यात समाजशास्त्री प्रो. अभय कुमार दूबे जी, विषय “भारतीय आधुनिकता के रंग” परिचर्चा में उपस्थित रहेंगे एवं 17 नवम्बर को चर्चित कवि व्योमेश शुक्ल जी की अध्यक्षता में ‘वाणी युवा कविता’ कार्यक्रम का आयोजन होगा।”

– अदिति माहेश्वरी-गोयल

कार्यकारी निदेशक, वाणी प्रकाशन ग्रुप

“इस पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य है कि जो विभिन्न-विभिन्न विषयों की पुस्तकें हैं उनको विद्यार्थी अवश्य देखें, पढ़ें और ज्ञान अर्जन करें। ऐसे मेले के माध्यमों से तमाम पुस्तकें विद्यार्थियों के सीधे सम्पर्क में आती हैं, जिन्हें वे देखेंगे, उनसे तमाम प्रकार के ज्ञान अर्जन करेंगे। इसी प्रकार उनका ज्ञान बढेगा।”

– डॉ. अनुराधा सिंह, इतिहास विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी

इस प्रदर्शिनी में ख़ास यह है कि कोविड के अंतराल के बाद, लगभग 2 वर्ष बाद ऐसी पुस्तक प्रदर्शिनी का आयोजन हुआ है। इससे एक संस्कृति यहाँ ऐसी विकसित हुई है, एक भूख जो पुस्तकों को पढ़ने की है। वाणी प्रकाशन ग्रुप ने इस बीच में हिंदी में विभिन्न विषयों पर पुस्तकें प्रकाशित की हैं।

कार्यक्रम की रूपरेखा

16 नवम्बर 2021, समय : 1:30 बजे

भारतीय आधुनिकता के रंग

-मुख्य वक्ता-

प्रो. अभय कुमार दूबे, वरिष्ठ समाजशास्त्री

-अध्यक्षता-

प्रो. के. के. मिश्रा, डीन, सामाजिक विज्ञान संकाय, बी. एच. यू.

-विषय प्रवर्तन-

प्रो. केशव मिश्रा, अध्यक्ष, इतिहास विभाग, बी. एच. यू.

संवाद :

प्रो. प्रभाकर सिंह

हिन्दी विभाग, बी. एच. यू.

संयोजन :

डॉ. अनुराधा सिंह

एसो. प्रोफ़ेसर, इतिहास विभाग, बी. एच. यू.

***

17 नवम्बर 2021, समय 01:30 बजे

वाणी युवा कविता

अध्यक्षता :  युवा रंगकर्मी और कवि व्योमेश शुक्ल

कई युवा कवि अपनी कविताओं का पाठ करेंगे।

आभार :

अदिति माहेश्वरी गोयल

कार्यकारी निदेशक, वाणी प्रकाशन ग्रुप

वाणी प्रकाशन ग्रुप के बारें में

वाणी प्रकाशन ग्रुप पिछले 59 वर्षों से साहित्य की 32 से भी अधिक नवीनतम विधाओं में, बेहतरीन हिन्दी साहित्य का प्रकाशन कर रहा है। वाणी प्रकाशन ग्रुप ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और ऑडियो प्रारूप में 6,000 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित की हैं। तथा देश के 3,00,000 से भी अधिक गाँव, 2,800 क़स्बे, 54 मुख्य नगर और 12 मुख्य ऑनलाइन बुक स्टोर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। अब वाणी प्रकाशन ग्रुप वाणी डिजिटल, वाणी बिज़नेस, वाणी बुक कम्पनी, वाणी पृथ्वी, नाइन बुक्स, वाणी प्रतियोगिता, युवा वाणी और गैर-लाभकारी संस्था वाणी फ़ाउण्डेशन के साथ प्रकाशन उद्योग में लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

वाणी प्रकाशन ग्रुप भारत के प्रमुख पुस्तकालयों, संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, ब्रिटेन और मध्य पूर्व, से भी जुड़ा हुआ है। वाणी प्रकाशन ग्रुप की सूची में, साहित्य अकादेमी से पुरस्कृत 25 पुस्तकें और लेखक, हिन्दी में अनूदित 9 नोबेल पुरस्कार विजेता और 24 अन्य प्रमुख पुरस्कृत लेखक और पुस्तकें शामिल हैं। वाणी प्रकाशन ग्रुप को क्रमानुसार नेशनल लाइब्रेरी, स्वीडन, रशियन सेंटर ऑफ़ आर्ट एण्ड कल्चर तथा पोलिश सरकार द्वारा इंडो-पोलिश लिटरेरी के साथ सांस्कृतिक सम्बन्ध विकसित करने का गौरव प्राप्त है। वाणी प्रकाशन ग्रुप ने 2008 में ‘Federation of Indian Publishers Associations’ द्वारा प्रतिष्ठित ‘Distinguished Publisher Award’ भी प्राप्त किया है। सन् 2013 से 2017 तक केन्द्रीय साहित्य अकादेमी के 68 वर्षों के इतिहास में पहली बार श्री अरुण माहेश्वरी केन्द्रीय परिषद् की जनरल काउंसिल में देशभर के प्रकाशकों के प्रतिनिधि के रूप में चयनित किये गये।

लन्दन में भारतीय उच्चायुक्त द्वारा 25 मार्च 2017 को ‘वातायन सम्मान’ तथा  28 मार्च 2017  को वाणी प्रकाशन ग्रुप के प्रबन्ध निदेशक व वाणी फ़ाउण्डेशन के चेयरमैन अरुण माहेश्वरी को ऑक्सफोर्ड बिज़नेस कॉलेज, ऑक्सफोर्ड में ‘एक्सीलेंस इन बिज़नेस’  सम्मान से नवाज़ा गया। प्रकाशन की दुनिया में पहली बार हिन्दी प्रकाशन को इन दो पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। हिन्दी प्रकाशन के इतिहास में यह अभूतपूर्व घटना मानी जा रही है।

3 मई 2017 को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘64वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह’ में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी के कर-कमलों द्वारा ‘स्वर्ण-कमल-2016’ पुरस्कार प्रकाशक वाणी प्रकाशन ग्रुप को प्रदान किया गया। भारतीय परिदृश्य में प्रकाशन जगत की बदलती हुई ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए वाणी प्रकाशन ग्रुप ने राजधानी के प्रमुख पुस्तक केन्द्र ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर के साथ सहयोग कर ‘लेखक से मिलिये’ के अन्तर्गत कई महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम-शृंखला का आयोजन किया और वर्ष 2014 से ‘हिन्दी महोत्सव’ का आयोजन सम्पन्न करता आ रहा है।

वर्ष 2017 में वाणी फ़ाउण्डेशन ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित इन्द्रप्रस्थ कॉलेज के साथ मिलकर हिन्दी महोत्सव का आयोजन किया व वर्ष 2018 में वाणी फ़ाउण्डेशन, यू.के. हिन्दी समिति, वातायन और कृति यू. के. के सान्निध्य मं  हिन्दी महोत्सव ऑक्सफोर्ड, लन्दन और बर्मिंघम में आयोजित किया गया ।

‘किताबों की दुनिया’ में बदलती हुई पाठक वर्ग की भूमिका और दिलचस्पी को ध्यान में रखते हुए वाणी प्रकाशन ग्रुप ने अपनी 51वीं वर्षगाँठ पर गैर-लाभकारी उपक्रम वाणी फ़ाउण्डेशन  की स्थापना की। फ़ाउण्डेशन की स्थापना के मूल प्रेरणास्त्रोत सुहृदय साहित्यानुरागी और अध्यापक स्व. डॉ. प्रेमचन्द्र ‘महेश’  हैं। स्व. डॉ. प्रेमचन्द्र ‘महेश’ ने वर्ष 1960 में वाणी प्रकाशन ग्रुप की स्थापना की। वाणी फ़ाउण्डेशन का लोगो विख्यात चित्रकार सैयद हैदर रज़ा द्वारा बनाया गया है। मशहूर शायर और फ़िल्मकार गुलज़ार वाणी फ़ाउण्डेशन के प्रेरणास्त्रोत हैं।

वाणी फ़ाउण्डेशन भारतीय और विदेशी भाषा साहित्य के बीच व्यावहारिक आदान-प्रदान के लिए एक अभिनव मंच के रूप में सेवा करता है। साथ ही वाणी फ़ाउण्डेशन भारतीय कला, साहित्य तथा बाल-साहित्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय शोधवृत्तियाँ प्रदान करता है। वाणी फ़ाउण्डेशन का एक प्रमुख दायित्व है दुनिया में सर्वाधिक बोली जाने वाली तीसरी बड़ी भाषा हिन्दी को यूनेस्को भाषा सूची में शामिल कराने के लिए विश्वस्तरीय प्रयास करना।

वाणी फ़ाउण्डेशन की ओर से विशिष्ट अनुवादक पुरस्कार दिया जाता है। यह पुरस्कार भारतवर्ष के उन अनुवादकों को दिया जाता है जिन्होंने निरन्तर और कम-से-कम दो भारतीय भाषाओं के बीच साहित्यिक और भाषाई सम्बन्ध विकसित करने की दिशा में गुणात्मक योगदान दिया है। इस पुरस्कार की आवश्यकता इसलिए विशेष रूप से महसूस की जा रही थी क्योंकि वर्तमान स्थिति में दो भाषाओं के मध्य आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाले की स्थिति बहुत हाशिए पर है। इसका उद्देश्य एक ओर अनुवादकों को भारत के इतिहास के मध्य भाषिक और साहित्यिक सम्बन्धों के आदान-प्रदान की पहचान के लिए प्रेरित करना है, दूसरी ओर, भारत की सशक्त परम्परा को वर्तमान और भविष्य के साथ जोड़ने के लिए प्रेरित करना है।

वाणी फ़ाउण्डेशन की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है भारतीय भाषाओं से हिन्दी व अंग्रेजी में श्रेष्ठ अनुवाद का कार्यक्रम। इसके साथ ही इस न्यास के द्वारा प्रतिवर्ष डिस्टिंगविश्ड ट्रांसलेटर अवार्ड भी प्रदान किया जाता है जिसमें मानद पत्र और एक लाख रुपये की राशि अर्पित की जाती हैं। वर्ष 2018 के लिए यह सम्मान प्रतिष्ठित अनुवादक, लेखक, पर्यावरण संरक्षक तेजी ग्रोवर को दिया गया था।